- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे, चौथे और पांचवे चरण के मतदान के लिए प्रचार चरम पर।
- वाणिज्य मंत्री आनन्द शर्मा ने आशा व्यक्त की कि उनकी पाकिस्तान यात्रा से आपसी व्यापार के लिए रचनात्मक माहौल बनेगा।
- मालदीव के नये राष्ट्रपति मोहम्मद वाहिद हसन ने अपने मंत्रिमंडल में सात और मंत्री शामिल किए।
- सीरिया पर रणनीति पर चर्चा के लिए अरब लीग के विदेश मंत्रियों की काहिरा में बैठक।
- एडिलेड में तीन देशों की एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के २७० रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने.१९ ओवर में. दो.विकेट पर. ९६ .रन बना लिये हैं।
- थाईलैंड में पट्टाया ओपन टेनिस टूर्नामेंट के डबल्स फाइनल में सानिया मिजर्+ा और अनास्तासिया रोडियोनोवा की जोड़ी का मुकाबला चीनी ताइपेई की युंग-जान चान और हाओ-चिंग चान से ।
------
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे, चौथे और पांचवे चरण के मतदान के लिए प्रचार चरम पर है। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने मिर्जापुर और सोनभद्र जिले में कई जनसभाएं की। भारतीय जनता पार्टी के नेता राजनाथ सिंह, समाजवादी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के बड़े नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। प्रियंका वाड्रा और राहुल गांधी ने आज रायबरेली में रोड-शो किया। यहां इस महीने की १९ तारीख को चौथे चरण में वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण के मतदान के लिए चुनावी तैयारियां अंतिम दौर में हैें। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस चरण में राज्य के मध्य और विंध्यांचल क्षेत्रों के दस जिलों के ५६ निर्वाचन क्षेत्रों में बुधवार को वोट डाले जाएंगे। जहां एक करोड़ ७५ लाख मतदाता, एक हजार २१ उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।सभी नेताओं और पार्टियों का ध्यान अब तीसरे चरण वाली ५६ सीटों पर केन्द्रित हो गया है, जिनपर कई वर्तमान विधायकों और मंत्रियों की प्रतिष्ठा दाव पर है। इन चरण में आने वाली सीटें परम्परागत रूप से वामपंथी, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के पक्ष में रही है, जबकि २००७ के चुनाव में सत्तारूढ़ बहुजन समाजवादी पार्टी को इनमें से कुछ बढ़त हासिल थी। सभी बड़ी पार्टियां अपनी पिछली बार का प्रदर्शन सुधारने की कोशिश में है, लेकिन छोटी और नई उभरी पार्टियों के प्रत्याशी उनके परम्परागत वोटों में सेंध लगा सकते है। मतदाताओं को लुभाने की हरसंभव कोशिशें की जा रही है। लेकिन इस बार उनके मन और मत को भाप पाना टेढ़ी खीर लग रहा है। सलमान हैदर, आकाशवाणी समाचार, गोरखपुर।
------
छत्रपति साहूजी महाराज नगर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से तीन- अमेठी, गौरीगंज और जगदीशपुर के लिए तीसरे तथा तिलोई और सलोन के लिए चौथे चरण में मतदान होना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यहां मुख्य मुद्दा विकास का है।अमेठी की प्रतिष्ठता परख सीट पर कांग्रेस से अमृता सिंह, समाजवादी पार्टी से गायत्री प्रजापति, बहुजन समाजवादी पार्टी से आशीष शुक्ला और बीजेपी से लक्ष्मी सिंह चुनाव लड़ रहे है। जगदीशपुर की सीट से राधेश्याम धोबी इस बार कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे है। इनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के विजय पासी से है। यहां बीजेपी के टिकट पर राम लखन पासी और बीएसपी के टिकट पर श्रीराम क्रांतिकारी चुनाव मैदान में है। गौरीगंज की सीट पर करीब-करीब सीधा-सीधा मुकाबला दिखाई पड़ रहा है। बीएसपी से निवर्तमान विधायक चन्द्रप्रकाश मटयारी और कांग्रेस से मोहम्मद नईम आमने-सामने है, हालांकि सपा से राकेश सिंह और भाजपा से तेजबान सिंह ताल ठोंक रहे है। तीसरे चरण में मतदान वाली इन सीटों पर कुल ४९ उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला साढ़े आठ लाख से भी ज्यादा मतदाताओं को करना है। सलोन और तिलोई की सीटों से कुल २७ उम्मीदवार चुनाव मैदान में है, जिनके भाग्य का फैसला चौथे चरण में छह लाख १४ हजार से भी ज्यादा मतदाताओं को करना है। दर्शन साहू के साथ मैं श्रीकांत श्रीवास्तव, आकाशवाणी समाचार, अमेठी।
------
महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति के आज सुबह दूसरे चरण में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन बाद में इसमें तेजी आ गई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विदर्भ क्षेत्र के चार तालुकों- अहेरी, एटापल्ली, भमरागड और नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली की जिला परिषद और पंचायत समिति की १६ सीटों के लिए मतदान हो रहा है।पहले चार घंटों के दौरान लगभग २१ प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पुलिस तथा अन्य सुरक्षा अधिकरणों द्वारा मतदान केन्द्रों पर अप्रत्याशी रूप से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस क्षेत्र की जिला परिषद की १६ सीटों के लिए एक सौ दो उम्मीदवारों के साथ पंचायत समितियों की ३२ सीटों के एक सौ ७२ उम्मीदवार चुनाव मैदान में भाग ले रहे है। प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने तथा विभिन्न पार्टियों के असंतुष्टों के साथ निदर्लीय उम्मीदवारों की उपस्थिति के कारण इस बार ज्यादातर बहुकोणीय मुकाबले हो रहे है। आकाशवाणी समाचार के लिए गढ़चिरौली में सुरेश सरोदे के साथ नागपुर से मैं सुनील डबीर।
------
वाणिज्य मंत्री आनन्द शर्मा ने आशा व्यक्त की है कि पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री के साथ कल इस्लामाबाद में होने वाली उनकी बातचीत से दोनों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए सकारात्मक माहौल बनाने में मदद मिलेगी। श्री शर्मा ने इस यात्रा पर जाने से पहले नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान के साथ संबंध पूरी तरह सामान्य बनाने से दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे सार्क क्षेत्र में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। श्री शर्मा ने कहा कि भारत को वरीयता वाले देश का दर्जा देने के पाकिस्तान के फैसले से पता चलता है कि वह उसके साथ आर्थिक संबंध बढ़ाना चाहता है। श्री शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान की उनकी यह यात्रा उस प्रक्रिया का हिस्सा है जो दोनों देशों के वाणिज्य सचिवों की बातचीत से शुरू हुई थी। इसमें दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए विश्वास बहाली के दिशा निर्देश तय किए गए थे। श्री शर्मा, पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री से विचार-विमर्श के अलावा बड़े उद्योगपतियों से भी बातचीत करेंगे। उनके साथ जा रहे उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में एक सौ बीस उद्योगपति शामिल होंगे।------
आंध्रप्रदेश में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में आपात सेवाएं ठप्प हैं। राज्य सरकार ने विकल्प के रूप में लगभग छह सौ चिकित्सा अधिकारियों और गैर-विशेषज्ञ कर्मचारियों को तैनात किया है। जिला अधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं कि इन अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करें।कल शाम राज्य सरकार और जूनियर डॉक्टरों की बातचीत विफल रही। जूनियर डॉक्टरों की मांग है कि उनके स्टाइपेंड की राशि बढ़ाई जाए और ग्रामीण इलाकों में काम करने के तौर तरीकों को जल्द स्पष्ट किया जाए।
मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में मंत्रियों के समूह के साथ बैठक की।
------
केन्द्रीय जांच ब्यूरो-सी बी आई ने ओड़िशा के छह जिलों में मनरेगा के लिए आवंटित राशि के इस्तेमाल में कथित भ्रष्टाचार की जांच-रिपोर्ट उच्चतम न्यायालय को सौंप दी है। यह रिपोर्ट शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश एस.एच.कापड़िया की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने बंद लिफाफे में पेश की गई। न्यायालय ने १२ मई, २०११ को सी बी आई को आदेश दिया था कि याचिकाकर्ता, नियंत्रक और महालेखापरीक्षक तथा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान की रिपोर्टों के आधार पर पूरे मामले की जांच करे।ओड़िशा के कालाहांडी, मयूरभंज, रायगड़ा, भवानीपाटन, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों में कथित अनियमितताओं का पता चला था।
उच्चतम न्यायालय ने १६ दिसम्बर, २०१० को एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना को ठीक ढंग से लागू करने में विफल रहने पर केन्द्र और राज्य सरकारों की आलोचना की थी।
------
एसोचैम के एक अध्ययन के अनुसार देश के चालीस अरब डॉलर के पेट्रो-रसायन उद्योग में अगले पांच वर्ष में १२ से १५ प्रतिशत तक सालाना वृद्धि होने और रोजगार के लाखों अवसर पैदा होने की संभावना है। इस समय इस क्षेत्र में दस लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। दुनिया में पेट्रो-रसायन उद्योगों के पूर्वी देशों की ओर बढ़ने के साथ भारत में भारी विदेशी निवेश होने की उम्मीद है, हालांकि चीन, सिंगापुर और पश्चिम एशिया उसे कड़ी टक्कर दे सकते हैं। ज्यादा निवेश हासिल करने के लिए भारत को प्रतिस्पर्धा और कम लागत का स्तर बनाये रखना होगा।------
आर्थिक मंदी के बावजूद घरेलू पर्यटन में बढ़ोतरी से भारत के पर्यटन और होटल उद्योग में भारी वृद्धि की संभावना है। भारतीय उद्योग परिसंघ-सी आई आई और परामर्शदाता कंपनी प्राइस वॉटरहाउस कूपर्स के संयुक्त अध्ययन के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं में बेहतर सुविधाओं की मांग बढ़ रही है और साथ ही वे अपने पैसे का पूरा मूल्य प्राप्त करना चाहते हैं। इसे देखते हुए बजट और मध्यम वर्ग में वृद्धि की संभावना है। अध्ययन में कहा गया है कि उद्योग के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनमें प्रतिभा प्रबंधन और शुल्क तथा नियमन के मुद्दे प्रमुख हैं। अध्ययन में यह भी कहा गया है कि कर प्रणाली को तर्कसंगत बनाने और सिंगल-टैक्स प्रणाली लागू करने से उद्योग को भारी फायदा होगा।------
नागर विमानन महानिदेशालय-डीजीसीए ने सभी विमान कम्पनियों से कहा है कि वे विमान चालकों और केबिन क्रू के लिए कार्य समय निर्धारित करें। डीजीसीए के ताजा सर्कुलर के अनुसार सभी कम्पनियों से कहा गया है कि वे इस बारे में उचित नीति अपनाएं और पायलट तथा केबिन क्रू को पर्याप्त विश्राम दें। इसमें अधिकतम आठ घंटे की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जिसमें बीच में विराम देना शामिल है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि कोई भी शिफ्ट १२ घंटे से ज्यादा न हो।------
मालदीव के नये राष्ट्रपति मोहम्मद वाहिद हसन ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर उसमें सात और मंत्री शामिल किए हैं। सरकारी सूत्रों ने बताया कि देश में राष्ट्रीय सहयोग की सरकार बनाने के प्रयासों के तहत ऐसा किया गया है। श्री हसन ने राष्ट्रपति का पद संभालने के तुरंत बाद सेवारत कर्नल मोहम्मद नाजि+म को रक्षामंत्री और वकील मोहम्मद जमील अहमद को गृहमंत्री बनाया था।इस बीच, पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने अपनी सत्ता के केन्द्र अद्दू की अपनी निर्धारित यात्रा स्थगित कर दी है। उन्होंने इसका कोई कारण नहीं बताया है। अद्दू शहर, श्री नशीद की मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी का गढ़ माना जाता है। श्री नशीद के सत्ता से बाहर होने के बाद वहां भी हिंसा हुईं थीं।
------
अरब लीग में शामिल देशों के विदेश मंत्रियों की आज काहिरा में बैठक हो रही है, जिसमें सीरिया के बारे में आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सीरिया में संयुक्त राष्ट्र और अरब देशों का संयुक्त मिशन स्थापित करने पर खासतौर पर चर्चा होगी। अरब लीग प्रमुख नबील अल अरबी ने संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत की अध्यक्षता में ऐसे संयुक्त मिशन की पेशकश की है। बैठक में विपक्षी सीरियन नेशनल काउंसिल को मान्यता देने पर भी विचार होने की संभावना है। काउंसिल के नेताओं ने दोहा में अपनी बैठक के बाद कहा था कि उन्हें विश्वास है कि कई अरब राष्ट्र उन्हें जल्द ही मान्यता प्रदान करेंगे।------
ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनिजाद ने कहा है कि उनका देश जल्द ही अपनी नई परमाणु उपलब्धियों का खुलासा करेगा। श्री अहमदीनिजाद देश में इस्लामी क्रांति की ३३वीं जयंती के अवसर पर तेहरान के आजादी चौक में एक रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम का और कोई ब्यौरा नहीं दिया, लेकिन कहा कि वे पश्चिमी देशों के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबंधों से ईरान का परमाणु कार्यक्रम बंद नहीं होगा। अमरीका और यूरोपीय संघ ने ईरान पर वार्ता में शामिल होने का दबाव बढ़ाने के लिए आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं।------
तुर्कमेनिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। इस बीच, राष्ट्रपति कुरबंगुली बर्डिमुखमदोफ ;ज्ञनतइंदहनसल ठमतकलउनाींउमकवअद्ध ने इस बार भी जीतने की आशा व्यक्त की है। उनके मुकाबले खड़े सात उम्मीदवार उन्हें खास टक्कर नहीं दे पा रहे हैं। श्री बर्डिमुखमदोफ ;ठमतकलउनाींउमकवअद्ध पिछले पांच साल से सत्ता में हैं।------
भारतीय सूचना सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अक्षय कुमार का कल शाम गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे ६५ वर्ष के थे। श्री अक्षय कुमार पत्र सूचना कार्यालय में सहायक प्रधान सूचना अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की मीडिया टीम में भी शामिल रहे। उन्होंने क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय और दूरदर्शन समाचार में भी कार्य किया।------
ओड़िशा में कछुए की विलुप्त होती प्रजातियों ने राज्य में समुद्री तट के चार सौ अस्सी किलोमीटर इलाके में अंडे देना शुरू कर दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हर साल नवम्बर-दिसम्बर में दुनिया भर से कछुए ओड़िशा तट पर आते हैं।विगत कुछ दशंदी से ओडीशा के समुद्री तटों में विश्वभर के लुप्त हो रहे विरल सामुद्रिक जीव कछुओं के लिए अभ्यरण्य पलट गया है। इस तटवर्ती इलाके में दूर-दूर से प्रशांत महासागर से भी कछुआ पहुंचते है, अंडा देने के मसाद में। अंडादान प्रक्रिया खत्म होते ही ये मेहमान जी अपनी आये हुए जगह को प्रत्यावर्तन करते है। राज्य वन विभाग द्वारा इन जीवों की सुरक्षा के लिए समुंद्र किनारे, जहां इन्होंने अंडे दिये है, वहां से २० किलोमीटर तक मछली पकड़ने के ऊपर सम्पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। कटक से आकाशवाणी समाचार के लिए रामेश्वर नाइक।
------
एडिलेड में तीन देशों की एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के २७० रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक २३वें ओवर में दो..विकेट पर..१११.रन बना लिये हैं। सहवाग २० और विराट कोहली १८ रन बनाकर आउट हो गए है।इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने ५० ओवर में आठ विकेट पर २६९ रन बनाए। डेविस हसी ने सबसे अधिक ७२ और पीटर फोर्रेस्ट ने ६६ रन बनाए।
भारत की ओर से उमेश यादव और विनय कुमार ने दो-दो विकेट लिये।
------
थाईलैंड में पट्टाया ओपन टेनिस टूर्नामेंट में सानिया मिजर्+ा और अनास्तासिया रोडियोनोवा की जोड़ी का मुकाबला आज डबल्स फाइनल में चीनी ताइपेई की युंग-जान चान और हाओ-चिंग चान से होगा।शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत- आस्ॅट्रेलियाई जोड़ी ने सेमीफाइनल में अक्गुल अमन-मराडोवा और किमिको दाते क्रम को ६-४, ६-४ से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया है।